
मुंबई एयरपोर्ट बंद अपडेट: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 8 मई को कुछ घंटों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। जानें कब तक बंद रहेगा परिचालन
-मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 8 मई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक उड़ानें बंद रहेंगी। एयरपोर्ट संचालक एमआईएएल ने यह घोषणा की है।
मानसून से पहले जरूरी रखरखाव के चलते यह फैसला लिया गया है।
इस दौरान दोनों रनवे बंद रहेंगे।मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने आगामी मानसून से पहले जरूरी मरम्मत कार्य करने के लिए 8 मई को छह घंटे के लिए विमानों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखने का फैसला किया है।
मुंबई एयरपोर्ट के प्रवक्ता के मुताबिक इस दिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे बंद रहेंगे और इस दौरान रनवे, ड्रेनेज सिस्टम और करीब 5,000 लाइटों की जांच और मरम्मत की जाएगी। यह काम बारिश के मौसम में विमानों के परिचालन को सुरक्षित और सुचारू रखने के लिए किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइंस को इस बारे में छह महीने पहले ही सूचित कर दिया गया था। मरम्मत कार्य पूरा होते ही उसी शाम से हवाई यातायात पुनः सामान्य हो जाएगा।